चित्रकूट में लखनऊ से आई प्रवर्तन दल की टीम ने छापा मारकर 9 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। प्रवर्तन दल की टीम ने सभी की वीडियोग्राफी कराई है। 7 मामलों में धारा 126 की अनियमितता पाई गई।
प्रवर्तन दल प्रभारी उत्कर्ष कुमार मौर्य ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए प्रवर्तन दल लगातार छापामार कार्यवाही कर रहा है। 4 बकायेदारों से 1 लाख 627 जमा कराए गए हैं। 97 हजार बकाया होने पर एक कनेक्शन काटा गया। उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्यवाही जिले के अन्य क्षेत्रों में भी की जाएगी।
पहाड़ी फीडर के 18 परिसरों में छापा मारा
सोमवार को प्रवर्तन दल पुलिस अधीक्षक लखनऊ, अपर पुलिस अधीक्षक डिस्कॉम केस्को कानपुर, पुलिस उपाधीक्षक केस्को कानपुर जोन ने उपखंड अधिकारी राजापुर और प्रवर्तन दल चित्रकूट की टीम के साथ पहाड़ी फीडर के 18 परिसरों में छापा मारा।
दरसेडा पहाड़ी में जुबेर खां पुत्र इंसान अली के घर पर 6 किलो वाट का कनेक्शन है। यह उपभोक्ता चोरी से 20 मीटर की दूरी तक 3 फेस का तार खींचकर 7.5 एचपी का मोटर लगाकर आटा चक्की और स्पेलर चला रहा था। बिसंडा रोड में कमलेश सिंह पुत्र श्रीचंद्रा के कनेक्शन की जांच की गई। यह उपभोक्ता मीटर के पहले चोरी से तार खींचकर घर के अंदर बिजली चोरी कर रहा था।
केबल में छेड़छाड़ कर चला रहे थे उपकरण
इसी मुहल्ले में रामभरोसा पुत्र रामस्वरूप, केदार पुत्र जगमोहन और अरुण कुमार पुत्र गया प्रसाद कुशवाहा के कनेक्शन की जांच की गई। यह सभी उपभोक्ता बिजली पोल से मीटर तक आने वाली केबल में छेड़छाड़ करते हुए मीटर के पहले से तार काटकर बिजली चोरी कर घर के अंदर उपकरण चलाते हुए पाए गए।
बिसंडा रोड पहाड़ी में ही चेकिंग के दौरान पाया गया कि उपभोक्ता विश्वनाथ पुत्र रामआसरे का 1 किलो वाट कनेक्शन है और इसका 2 लाख 10 हजार रुपए बकाया पड़ा है। यह उपभोक्ता बिजली पोल से केबिल खींचकर घर के अंदर बिजली चोरी कर रहा था।
मीटर के पहले तार काटकर बिजली चोरी
प्रवर्तन टीम ने पहाड़ी राजापुर रोड में किराना व्यापारी मोहनलाल पुत्र छोटेलाल के यहां छापा मारा। यह उपभोक्ता भी मीटर के पहले से तार काटकर बिजली चोरी करते हुए पाया गया। इसी मार्ग में रामगोपाल पुत्र स्वर्गीय सालिगराम के कनेक्शन की जांच की गई जिसमें यह उपभोक्ता भी मीटर के पहले से बिजली चोरी करते हुए पाया गया।
नांदी रोड पहाड़ी में सूरजभान त्रिपाठी पुत्र स्वर्गीय राम सनेही भी मीटर बायपास करके बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन सभी के विरुद्ध भा.वि. अधिनियम संशोधन 2003 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई।
साभार- भास्कर

0 टिप्पणियाँ