चित्रकूट में धूमधाम से मनी गांधी-शास्त्री जयंती, डीएम ने चलाया सफाई अभियान; 20 सफाई मित्र सम्मानित

चित्रकूट। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर चित्रकूट जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस लाइन, स्कूल-कॉलेज और नगर निकायों तक कार्यक्रम हुए। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर रहा। 



डीएम ने किया श्रमदान, मरीजों को बांटे फल

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्ट्रेट में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर और मुख्य गेट पर सफाई अभियान में हिस्सा लेकर श्रमदान किया।

डीएम ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों को फल भी वितरित किए। कार्यक्रम के जरिए स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

पुलिस लाइन में भी हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी दोनों महापुरुषों की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी

मुख्यालय में जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी के दौरान छात्राओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ की धुन के साथ लोगों को गांधी जी के विचारों और स्वच्छता का संदेश दिया।

बाढ़ के दौरान सेवा करने वाले 20 सफाई मित्र सम्मानित

नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी में अधिशासी अधिकारी राजकिशोर प्रसाद ने गांधी और शास्त्री जयंती पर दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 20 सफाई मित्रों, सफाई नायकों और महिला कर्मचारियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ईओ राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि बाढ़ की विभीषिका के दौरान सफाई मित्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर 24 घंटे रामघाट और मलिन बस्तियों में सफाई का काम किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता अभियानों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।

जिलेभर में हुए कार्यक्रम

गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर चित्रकूट जिले के विभिन्न विभागीय कार्यालयों, राजनीतिक कार्यालयों, संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों और नगर पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 
रिपोर्ट: प्रदीप गुप्ता, चित्रकूट

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ