नौगांव सामुदायिक स्वास्थ केंद्र अस्पताल के इतिहास में पहली बार बिना ऑपरेशन के महिला ने तीन बच्चियों को एक साथ जन्म दिया। इन बच्चियों का नामकरण भी अस्पताल में ही किया गया। बच्चियों के नाम गंगा, जमुना एवं सरस्वती रखे गए। माँ एवं तीनों बच्चियां स्वस्थ हैं। सूत्रों के अनुसार रविवार रात में ओमवती, पति भरत अहिरवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी मड़रखा अपने निजी वाहन से नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहाँ नर्स कुसुम अरजरिया, कुसुम खरे तथा उमा जायसवाल ने उसे प्रसूति गृह में भर्ती कराया। तत्काल ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर निकिता पाठक ने चेकअप करते हुए डिलेवरी होने की बात कही। 15 मिनिट के अंदर ही एक बच्ची 11:15 बजे जन्मी। इसके 10 मिनिट बाद ही दूसरी बच्ची ने जन्म लिया, उसके बाद 5 मिनिट के अंतराल में तीसरी बच्ची ने जन्म लिया। दो दिन भर्ती रहने के बाद उनका स्वास्थ परीक्षण कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई। नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की महिला डॉक्टर एवं नर्सों ने बिना ऑपरेशन के सामान्य तरीके से बेहतर प्रबंधन की बदौलत महिला की सफल डिलेवरी कराई है। महिला के परिजनों ने डॉक्टर सहित स्टाफ का शुक्रिया अदा किया।
0 टिप्पणियाँ