Banner

नवागढ़ महोत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न, बुंदेली लोकनृत्य की प्रस्तुति पर झूम उठे श्रोता

महरौनी विकासखंड में स्थित दिगंबर जैन प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में आचार्य प्रमुख सागर के शिष्य मुनि यागवेंद्र सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में जय निशांत भैया के निर्देशन में त्रिदिवसीय नवागढ़ महोत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस दौरान मूलनायक अरनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक श्रद्धा भक्ति के साथ किया गया।



मंगलवार को 108 युगल इंद्रों द्वारा श्री अरनाथ महामंडल विधान संगीत की मधुर स्वर लहरियों के बीच विधि विधान पूर्वक किया गया। इसमें अगाध श्रद्धा-आस्था, भक्ति नृत्य के साथ मंडल पर अर्घ्य समर्पित किए गए। मुनिश्री व माता ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। नवागढ़ महोत्सव में संभावना समिति सागर के कलाकारों द्वारा मनभावन लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी गई। बुंदेली विधाओं और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने मिला।





नृत्य, लोकगीत गायन की लाजवाब प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध लोकनृत्य बधाई की प्रस्तुति जैसे ही शुरू हुई, सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ‘नैना बंध लागे कहियो बाजू बंध लाने कहियो’ बुंदेलखंड के बधाई लोकनृत्य प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे। बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध नौरता लोकनृत्य की सुंदर प्रस्तुति को खूब सराहा गया। राजस्थानी लोकनृत्य काल वेलिया भी दर्शकों को खूब भाया। कलाकार रजनी दुबे, सेजल राजपूत, आकांक्षा सेन, महिमा, प्रियंका, गौरव, कपिल, मनोज, अमन, तुलसी की प्रस्तुति सराही गई।

संभावना समिति सागर टीम के प्रभारी, आशीष खटीक रहे। सांस्कृतिक आयोजन का संचालन डॉ. सुनील संचय ने किया। कलाकार रजनी दुबे खूब वाहवाही मिली। मड़ावरा के पाठशाला के बच्चों ने भी भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। अवसर पर दिल्ली, ललितपुर, मैनवार गुढ़ा, महरौनी, मड़ावरा, ककरवाहा, नेकौरा, सोजना, टीकमगढ़, खरगापुर, कारीटोरन, हीरापुर, दमोह, शाहगढ़, घुवारा, समर्रा, अजनौर, सागर , छतरपुर आदि स्थानों से प्रमुख गणमान्य महानुभाव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में नवागढ़ तीर्थक्षेत्र कमेटी, युवा जागृति संघ, महिला मंडल आदि का सराहनीय योगदान रहा।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ