MP में 3 दिन बारिश!:नर्मदापुरम में पारा 45 के करीब, मालवा-निमाड़ में बदलेगा मौसम; जानिए और झुलसाने वाली गर्मी कब तक...

 मध्यप्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अगले 3 दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। रतलाम, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, बड़वानी, ग्वालियर, रीवा, सिंगरौली और मालवा-निमाड़ के कुछ जिले भीग सकते हैं। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश थमने के बाद दिन-रात का टेंप्रेचर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। तपन और लू के साथ उमस का असर भी रहेगा। कृषि वैज्ञानिकों की मानें तो बारिश से मूंग, फल-सब्जी की फसलों को फायदा होगा। उमस और गर्मी लोगों की सेहत बिगाड़ सकती है।



मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीके साहा ने बताया कि 20 और 21 अप्रैल को पश्चिमी और 22 अप्रैल को पूर्वी मध्यप्रदेश में हल्की बारिश होने के आसार है। 23 अप्रैल से झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी। उमस का असर भी बढ़ेगा। उत्तर-पश्चिम वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मध्यप्रदेश के पश्चिमी-पूर्वी हिस्से में एक सिस्टम एक्टिव हुआ है। इस वजह से दो दिन पश्चिमी और एक दिन पूर्वी हिस्से में बारिश होगी।

बड़े शहरों में ग्वालियर-जबलपुर तप रहे

प्रदेश के चार बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और जबलपुर में दिन-रात का तापमान सबसे ज्यादा है। ग्वालियर में दिन का तापमान 43 और रात में 28 डिग्री के पार पहुंच गया है। भोपाल और इंदौर में दिन और रात का तापमान कम है। 23 अप्रैल से यहां दिन और रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।

मूंग, फल-सब्जी की फसल को फायदा

कृषि वैज्ञानिकों की मानें तो हल्की बारिश होने से मूंग के साथ फल और सब्जी की फसल को फायदा मिलेगा। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. जीआर अंबावतिया ने बताया, पश्चिमी मध्यप्रदेश में इस समय मूंग की फसल ली जाती है। बारिश चाहे तेज हो या हल्की, फसल को फायदा होगा। जमीन में भी नमी रहेगी। फल-सब्जी की फसलों को भी पानी मिलेगा।

अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र, भोपाल के अनुसार अगले 24 घंटे में सीधी, सतना, उमरिया, जबलपुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, धार, रतलाम, आगर, दतिया समेत कई जिलों में लू का असर रहेगा।


साभार- भास्कर


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ