Banner

सागर में क्यों तोड़े गए दलितों के घर?

मध्य प्रदेश के सागर में 7 दलितों का घर तोड़ने का मुद्दा तूल पकड़ता दिख रहा है। पीएम आवास योजना के तहत बने घरों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद राजनीति तेज हो गई है। मायावती नेे भी सरकार पर निशाना साधा 


                       


मध्य प्रदेश के सागर में 7 दलितों का घर तोड़ने का मुद्दा तूल पकड़ता दिख रहा है। पीएम आवास योजना के तहत बने घरों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर धरना देने पहुंच गए तो दलितों को केंद्र में रखकर राजनीति करने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री ने कहा है कि जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं उनके लिए नए घर बनाए जाएंगे।

घरों को तोड़े जाने के बाद धरने पर बैठे दिग्विजय सिंह ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि यदि पीएम आवास योजना के तहत ये घर वन भूमि पर बनाए गए तो पहले सरकार क्यों सो रही थी।? जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत मिले घरों को वन विभाग की भूमि पर बनाया गया था। इसको लेकर एक साल पहले ही नोटिस भी दिया गया था। इसके बाद बुधवार को ऐक्शन लिया गया है। 

सागर के जिला कलेक्टर दीपक आर्य ने कहा, 'सात घर गिराए गए हैं क्योकि वह वन भूमि पर बने थे। हम एक साल से नोटिस दे रहे थे। ये आवास पीएम आवास योजना के तहत बने थे। हम पूरे मामले की जांच करेंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि भूमि पट्टा देकर परिवारों को बसाया जाएगा। इस बीच मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह पर राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'राजनीतिक रोटियां सेकने का दिग्विजय सिंह हर जगह प्रयास करते हैं। साथी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत जी ने वस्तुस्थिति स्पष्ट कर दी है। उनके आवास दोबारा बनाए जा रहे हैं। जिनके आवास टूटे हैं उनके बयान पक्ष में ही आ चुके हैं। दिग्विजय सिंह के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।'


मायावती ने क्या कहा?


बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने भी दलितों का घर तोड़े जाने को लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा, 'मध्य प्रदेश सरकार की विध्वंसकारी द्वेषपूर्ण बुलडोजर राजनीति लोगों के घर व स्कूल तोड़ते-तोड़ते अब पीएम आवास योजना के अंतर्गत बने गरीबों के मकान भी तोड़ने लगी है, जो अति-निंदनीय। इसी क्रम में सागर जिले में पीएम योजना के तहत बने सात दलित परिवारों के घरों का ध्वंस शर्मनाक।'

SOURCE: LIVE HINDUSTAN

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ