Banner

आखिर क्यों पहुंचे सांसद अनुराग शर्मा ललितपुर ?

सांसद अनुराग शर्मा एक दिवसीय दौरे पर ललितपुर पहुंचे। सांसद अनुराग शर्मा कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कृषि जागरूकता शिविर में राजस्व कर्मी से उपस्थित रहकर समस्याओं का निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए।

                                       


सांसद अनुराग शर्मा ने पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अटल भूजल योजना के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अमृत पेयजल परियोजना फेज-2 के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के विकास हेतु जो भी योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। अधिकारी उनमें रुचि लेकर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराएं। ताकि जल्द से जल्द लोगों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराया जाता है। ऐसे प्रकरणों को गंभीरता से लेकर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।

अटल भूजल योजनान्तर्गत प्रस्तावित कार्यों को तेजी से कराए पूर्ण

अटल भूजल की समीक्षा में बताया गया कि ताल बेहट क्षेत्र के गेवरागुंदेरा गांव में कार्य प्रगति पर है। विगत दिवस जल संरक्षण की जन जागरूकता हेतु प्रभात फेरी व गोष्ठियों का आयोजन किया गया। सांसद ने निर्देश दिए कि अटल भूजल योजनान्तर्गत प्रस्तावित कार्यों को तेजी से पूर्ण कराए। साथ ही लोगों को जल संरक्षण हेतु जागरूक भी करें।

बैठक में सांसद ने कहा कि इस वर्ष शहजाद बांध समय से पूर्व खाली हो गया है। जिस पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पेयजल योजना के कार्य हेतु बांध के 8 मीटर पानी का डायवर्जन किया गया है। जिससे बांध खाली प्रतीत हो रहा है। बालाबेहट में पेयजल परियोजना की धीमी प्रगति पर सांसद ने अधिशासी अभियन्ता जल संस्थान को निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण कर कार्य में आ रही समस्याओं को दूर कराएं। धौर्रा एवं नेहरु नगर पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि 24 जून को स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर हकीकत जानेंगे।

विद्यालय में 1000 छात्रों की क्षमता

अटल आवासीय विद्यालय की समीक्षा के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने अवगत कराया कि यह विद्यालय श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए बनाया जा रहा है। इसका कार्य पीडब्ल्यूडी भवन विंग झांसी द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में विद्यालय का 97 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। विद्यालय की क्षमता 1000 छात्रों की है। जिसमें 500 छात्र एवं 500 छात्राएं शामिल हैं। सांसद ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराएं। ताकि बच्चों को समय से प्रवेश दिया जा सके।

कृषक हितैशी योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप निदेशक कृषि द्वारा अवगत कराया गया। किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत गांव-गांव जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। जिनमें किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का निस्तारण भी कराया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि उक्त जागरूकता शिविरों में राजस्व लेखपालों के द्वारा रुचि नहीं ली जा रही है। जबकि अधिकांश मामले उन्हीं से सम्बन्धित आते हैं। सांसद ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी के संज्ञान में लाकर राजस्व कर्मियों को उक्त शिविरों में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एके सिंह, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल संस्थान, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक निदेशक सूचना सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

साभार : दैनिक भास्कर 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ