Jhansi News: आज महिलाओं के हाथ होगी बुंदेलखंड एक्सप्रेस की कमान

झांसी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शनिवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेस की कमान महिलाओं के हाथ होगी। इसके अलावा बबीना स्टेशन का संचालन भी पूरी तौर से महिलाएं करेंगी।

इसकी तैयारियों को रेल प्रशासन की ओर से शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस प्रयागराज से चलकर शनिवार सुबह 6 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां से ट्रेन की कमान रेलवे की महिला स्टाफ को सौंप दी जाएगी। ट्रेन की लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर के साथ-साथ टिकट निरीक्षक भी महिलाएं होंगी। रेलवे के अधिकारी स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन को रवाना करेंगे। इसके अलावा महिला दिवस पर शनिवार को झांसी रेल मंडल के बबीना स्टेशन की व्यवस्थाएं भी पूरी तरह से महिलाओं के हाथ होंगी। टिकट वेंडर से लेकर स्टेशन मास्टर तक महिलाएं ही होंगी। रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यह व्यवस्था बनाई गई है।

अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: Bundelkhand24x7


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ