महोबा: शहर की सफाई व्यवस्था पर नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही भारी पड़ रही है। जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान फेल हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं और नगर की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था स्वच्छ भारत मिशन की पोल खोल रही है। वार्डों की नियमित सफाई न होने से लोग विभिन्न प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इससे अस्पतालों में मरीजों की भीड़ जुट रही है।
शासन के निर्देश पर पिछले दस दिन से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। पालिका की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई कार्य के लिए रोस्टर भी जारी किया गया है। इसके बावजूद शहर के विभिन्न वार्डों में गंदगी का अंबार है। मुख्य मार्गों के किनारे ही कूड़े के ढेर लगे हैं। वहीं वार्डों में नालियां बजबजा रही हैं। मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। सफाई के रोस्टर का अनुपालन नहीं हो पा रहा और सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। 25 वार्डों वाले महोबा शहर के अधिकांश मोहल्लों में सफाई कार्य लापरवाही की भेंट चढ़ गया। उधर, पालिका ईओ अवधेश कुमार का कहना है कि यदि कहीं सफाई कार्य में लापरवाही हो रही है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वह स्वयं निरीक्षण कर सफाई कार्य की हकीकत परखेंगे।
पालिका कार्यालय से सौ मीटर की दूरी पर पसरी गंदगी
महोबा। शहर के नयापुरा नैकाना में हवेली दरवाजा मार्ग पर स्थित दूध डेयरी के पास सड़क किनारे गंदगी का अंबार लगा है। यह स्थान पालिका कार्यालय से महज सौ मीटर की दूरी पर है। शहर का मुख्य मार्ग होने की वजह से दिन भर यहां से अधिकारियों का आना-जाना होता है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे मोहल्लेवासी परेशान हैं।
सड़क किनारे पसरी गंदगी, मवेशी कर रहे विचरण
महोबा। भटीपुरा मार्ग पर इंडेन गैस एजेंसी के सामने भी सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। यहां पड़ी गंदगी पर मवेशी विचरण करते हैं। इससे गंदगी और फैल जाती है। यह गंदगी के ढेर स्वच्छ भारत मिशन को आइना दिखा रहे है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: Bundelkhand24x7
0 टिप्पणियाँ