15 अगस्त पर जनपद में पूरी भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पूरे जनपद में महापुरुषों, शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्राएं, रैलियां व गोष्ठियां आयोजित की गईं और हर सरकारी/अर्धसरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके अलावा सभी एतिहासिक स्थलों को भी तिरंगा रोशनी से प्रकाशमान किया गया। स्वंतत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः से ही जनपद में स्थापित महापुरुषों, शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और तिरंगा रोशनी से प्रकाशमान किया गया। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने घण्टाघर पर महात्मा गांधी जी, चन्द्रशेखर आजाद एवं घण्टाघर के पास लौहपुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल एवं बृजनन्दन किलेदार (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी), सावरकर चौक पर वीर सावरकर, जेल चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर, जिला कारागार के सामने कर्पूरी ठाकुर, तुवन चौराहे के पास अवंतीबाई, महारानी लक्ष्मीबाई एवं पंडित परमानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान नगर में सभी वर्गों के बच्चों ने तिरंगा रैलियों के माध्यम से कौमी एकता का संदेश दिया। जिलाधिकारी अमनदीप डुली ने आवास, कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया, सभागार में आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने देश की स्वंतत्रता और स्वतंत्रता के बाद आये बदलावों पर अपने-अपने विचार प्रकट किये तथा जीजीआईसी की छात्राओं के द्वारा देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने छात्राओं को पुरस्कार व मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी की धर्मपत्नी आकृति ने अपने उद्बोधन में ललितपुर शहर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस शहर के लोग बहुत प्यार दे रहे हैं, इसके लिए उन्होंने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यहां के लोग बहुत प्यारे हैं और एकदूसरे का ख्याल रखते हैं। राज्यमंत्री ने महापुरुषों को किया याद ललितपुर। विकास भवन में राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाया और सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के दिन 1947 को भारत देश आजाद हुआ, इसके लिए हमारे क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों से मुकाबला कर देश से बाहर निकाला था। आज उन महान वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि हम विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे है। देश सोने की चिड़िया फिर से बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारीगण गरीब जनता को अपना परिजन मानकर पूरी ईमानदारी से उनका काम करें। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की अवधारणा के साथ कार्य करें। शहर की बालिकाओं में देशभक्ति की भावना को वलवति करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज ललितपुर की छात्राओं को परिवार सिनेफ्लैक्स टॉकीज में देशभक्ति फिल्म 'वार टू' दिखायी गई, जिससे बच्चों में खुशी की लहर दौड़ी और देशभक्ति से ओतप्रोत मूवी का आनन्द लिया। इसके अलावा जनपद के सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थाओं, विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने के उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताया गया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता, पंथ-निरपेक्षता, सामाजिक समरसता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को बलवती बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में एडीएम एफआर अंकुर श्रीवास्तव, एडीएम नमामी गंगे राकेश कुमार श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक अशोक कुमार यादव, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अर्पित जैन, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा, कलैक्ट्रेट के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर खुशबू खान व नगर पालिका पार्षदगण आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजमोहन संज्ञा ने किया।
साभार : लाइव हिंदुस्तान

0 टिप्पणियाँ