महोबा। दो घंटे झमाझम बारिश से शहर की गलियां व सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य मार्गों पर कई स्थानों पर जलभराव होने से आवाजाही में लोगों को परेशानी हुई। घरोंं और दुकानोंं में बारिश का पानी घुसने से हजारों का नुकसान हुआ। 24 घंटे में 60 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान भी लुढ़क गया। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली।
रविवार की रात ही मौसम में परिवर्तन का दौर देखने को मिला। रात के समय झमाझम बारिश होती रही जबकि सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। शाम करीब पौने चार बजे अचानक बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश होने से शहर के आल्हा चौक, शुक्रवारी बाजार, पुराने इंडियन बैंक आदि स्थानों पर सड़क पर जलभराव हुआ। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। सड़क पर दो फीट ऊंचा पानी भरने से कई बाइकें बंद हो गईं। सबसे ज्यादा दिक्कत रोडवेज और पुराने इंडियन बैंक के पास रही। यहां दुकानोंं में पानी भरने से दुकानदार परेशान रहे। कई दुकानदारों ने दुकानोंं की शटर गिरा दी। दुकानदार प्रमोद, देवीदीन, सुमित आदि ने बताया कि जरा सी बारिश में जलभराव हो जाता है। इससे उन्हें हजारों का नुकसान होता है। नाला सफाई के नाम पर खानापूर्ति की गई। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
इसी के साथ मानसून सीजन में अब तक 970 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान दो अंकों की गिरावट के साथ 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर का कहना है कि आगामी दो दिन बारिश की संभावना है।
साभार : अमर उजाला
0 टिप्पणियाँ