Chitrakoot: विकसित यूपी मिशन में चित्रकूट नंबर वन, युवाओं ने सबसे ज्यादा दिए सुझाव

चित्रकूट। प्रदेश को विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लिए सरकार ने नागरिकों से ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित किए हैं, और इस पहल में युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही है। अब तक जिले में 31 वर्ष से कम उम्र के 13,265 युवाओं ने अपने सुझाव भेजे हैं, जबकि महिलाओं की संख्या सिर्फ 7,769 रही है। कुल 19,522 पुरुषों ने इस अभियान में हिस्सा लिया है।

नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों से 2,262 सुझाव प्राप्त हुए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों से 25,252 लोग अपने सुझाव भेज चुके हैं। यह दिखाता है कि गाँवों के लोग भी प्रदेश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

लोग क्या सुझाव दे रहे हैं?

लोगों ने अपने सुझावों में अच्छी सड़कें, शुद्ध पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का राष्ट्रीयकरण, किसानों को मुफ्त 24 घंटे बिजली, और समय पर खाद-बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दे उठाए हैं। कई सुझावों में अन्ना मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान और फसलों का उचित मूल्य दिलाने की बात कही गई है। ये सुझाव प्रदेश सरकार के पोर्टल पर लगातार अपडेट हो रहे हैं।

मंडल में सबसे आगे चित्रकूट

विकसित उत्तर प्रदेश लक्ष्य 2047 अभियान में चित्रकूट जिला पहले स्थान पर रहा है। जिले के 27,514 नागरिकों ने ऑनलाइन सुझाव दिए हैं। इसके बाद बांदा के 22,461, हमीरपुर के 19,011 और महोबा के 7,329 लोगों ने अपने विचार साझा किए हैं।

केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान शुरू किया है, ताकि हर वर्ग की राय और भागीदारी से राज्य को विकास की नई ऊंचाई तक पहुंचाया जा सके। चित्रकूट के युवाओं ने इसमें अग्रणी भूमिका निभाकर जागरूकता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ