झांसी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा पर सवाल: करोड़ों खर्च के बाद भी ऑडिट में 472 गंभीर खामियां उजागर

झांसी: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नवजातों की मौत जैसी गंभीर घटना के बाद भी हालात पूरी तरह नहीं सुधरे हैं। हाल ही में सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा (एडीईएस) की ऑडिट रिपोर्ट में कुल 472 गंभीर खामियां सामने आई हैं, जिनमें 31 स्थानों पर प्रतिबंधित एक्सटेंशन बोर्ड का उपयोग पाया गया।


गौरतलब है कि 15 नवंबर 2024 को एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में एक्सटेंशन बोर्ड में स्पार्किंग से लगी आग में 18 नवजातों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन ताजा रिपोर्ट इन दावों की पोल खोल रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में पीडब्ल्यूडी द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपये के कार्य का 95 प्रतिशत और यूपीपीसीएल द्वारा 13.41 करोड़ रुपये के कार्य का करीब 60 प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा हॉस्टलों में 4.80 करोड़ रुपये की लागत से वायरिंग सुधार कार्य जारी है और 7.50 करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इसके बावजूद सुरक्षा में भारी खामियां बरकरार हैं।

27 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच हुए ऑडिट में वार्ड-3, एक्स-रे कक्ष, लेबर रूम, एंडोस्कोपी रूम, सिस्टर ड्यूटी रूम और कई अन्य स्थानों पर अस्थायी वायरिंग और एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल मिला। कई जगह उपकरण बिना प्लग के सीधे एक्सटेंशन बोर्ड से चलाए जा रहे थे।

ऑडिट में यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर अर्थिंग नहीं है, फायर फाइटिंग उपकरण मौजूद नहीं हैं और मानकों के विपरीत वायरिंग का इस्तेमाल हो रहा है। कुछ कमरों में एसी, इंडक्शन चूल्हा और अन्य उपकरण अस्थायी कनेक्शन से संचालित किए जा रहे थे।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी खामियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने स्पष्ट किया कि परिसर में एक्सटेंशन बोर्ड का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े हादसे और भारी खर्च के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं दिख रहा। क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा—यह अब भी अनुत्तरित है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ