झांसी। महानगर में सड़कों को अनुमति लिए बिना ही ध्वस्त करने पर नगर निगम ने जियो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम ने कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही जुर्माना अदा न करने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है। निगम ने पार्षद की शिकायत पर कंपनी को नोटिस भेजा है।
दरअसल, महानगर में शासन की ओर से अधिकृत मेसर्स जियो डिजिटल फाइबर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी केबल डाल रही है। कंपनी ने पिछले दिनों नैनागढ़ क्षेत्र में काम शुरू किया था। इस दौरान सड़कों को खोदा गया। साथ ही केबल डालने के बाद गड्ढों को बंद नहीं किया गया।
इसे लेकर स्थानीय पार्षद विमल किशोर ने नगर निगम अधिकारियों से मामले की शिकायत की, जिसकी जांच के लिए टीम भेजी गई, तो खुदाई का काम चल रहा था।
जानकारी लेने पर पता चला कि सड़क को खोदने के लिए निगम से न तो कोई अनुमति ली गई और न ही कंपनी की ओर से आवेदन किया गया। इसे लेकर लखनऊ की कंपनी मेसर्स जियो डिजिटल फाइबर प्राइवेट लिमिटेड पर पांच लाख सत्ताईस हजार तीन सौ उनचालीस रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी द्वारा जुर्माने की राशि जमा न कराए जाने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
पहले भी कर चुके हैं सड़क की खुदाई
महानगर में कंपनी द्वारा तमाम सड़कों को खोदा गया है। पार्षद विमल किशोर ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी सड़क को खोद तो देते हैं, लेकिन उन्हें पहले जैसी स्थिति में नहीं किया जाता। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निगम कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करें।
जल निगम भी कर रहा मनमानी
महानगर में जल निगम की मनमानी भी जोरों पर है। जल निगम ने पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को सही नहीं किया है। पार्षद विकास खत्री का कहना है कि हाल ही में नगर निगम ने कई स्थानों पर सड़कें बनवाई हैं। लेकिन कंपनी और जल निगम लगातार सड़कों को खोद रहे हैं। जल निगम सड़कों को दोबारा बनवाता नहीं है।
0 टिप्पणियाँ