बुंदेलखंड ललितपुर स्थित थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम लागौन में एक किसान का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक के पुत्र ने विपक्षियों पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। बता दें कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, ग्राम लागौन निवासी हरलाल पंथ (62) पुत्र ठकुरे बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे अपने खेत पर गए थे। इसके बाद उनका शव आम के पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मृतक किसान के पुत्र अरविंद ने आरोप लगाया है कि 20 अक्टूबर को गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसकी पुलिस से शिकायत की गई थी। इसके बाद बुधवार को दोबारा विपक्षियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। अरविंद का आरोप है कि विपक्षियों ने उसके पिता की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है। किसान के गले में फांसी का फंदा लगा हुआ मिला, साथ ही सिर में भी चोट के निशान हैं। हरलाल खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। मृतक किसान के दो पुत्र हैं। अभी तक थाने में कोई मामला पंजीकृत नहीं हुआ है, न ही परिजनों ने कोई तहरीर दी है।
0 टिप्पणियाँ