मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे और कहा कि यहाँ के पर्यटन और सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड का विकास सरकार के प्राथमिक कार्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि तथा रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि को चित्रकूट से जोड़ा जाएगा। जल्द ही यहाँ एयरपोर्ट चालू होने जा रहा है, जिससे दूर-दूर से पर्यटक आ सकेंगे।
मुख्यमंत्री रामायणकालीन अति प्राचीन परंपरा के वाहक ऋषि की जयंती पर महर्षि वाल्मीकि के आश्रम पहुंचे, उन्होंने जनसभा में कहा कि भगवान राम का चित्रकूट आज नए कदम बढ़ा रहा है। यही रामराज्य है, जहाँ किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं है। उन्होंने घोषणा की कि महार्षि बाल्मीकि के लालापुर और तुलसीदास के राजापुर को चौड़ी सड़कों से चित्रकूट से जोड़ने का काम शुरू होने वाला है, इसके बाद यहाँ आना-जाना आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहाँ का एयरपोर्ट भी तैयार है, अगले कुछ माह में वह भी चालू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा भगवान राम की तपोस्थली एक तरफ पूरे विश्व को ज्ञान बांट रही है, दूसरी तरफ यहां बनने वाली तोपें दुश्मनों के दांत खट्टे करेंगी। उन्होंने कहा जल्द डिफेंस कॉरीडोर में तोप-गोलों का निर्माण शुरू होगा। उन्होंने कहा संपूर्ण बुंदेलखण्ड के विकास के लिए उनकी सरकार काम कर रही है, चित्रकूट उसमें सबसे ऊपर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकि जी, जिन्होंने भगवान राम से साक्षात्कार कराया है और दूसरे राष्ट्रऋषि नानाजी जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना दी, उन दोनों की ही आज जयंती है। हजारों वर्षों की विरासत को समेटे यह क्षेत्र रामायणकाल का स्मरण कराता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोग सनातन धर्म पर सवाल खड़े करते हैं। सनातन धर्म के मूल्यों को हजारों वर्षों तक अपनी साधना से वाल्मीकि जी ने सहेजा। उन्होंने कहा कि वे धन्य हैं कि आज उन्हें आश्रम में अखंड रामायण का पाठ कराने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर देव मंदिर में यह पाठ शुरू हो रहा है।
आश्रम से पहले उन्होंने असावर मंदिर में माँ असावर के दर्शन किए। आश्रम पहुंचने के बाद महंत भरतदास महाराज ने उनकी अगवानी की। मुख्यमंत्री ने आश्रम में अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ किया। आश्रम में हवन के बाद उन्होंने गोमाता का पूजन भी किया। चित्रकूट पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, मानिकपुर विधायक आनन्द शुक्ला आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
0 टिप्पणियाँ