महोबा के बाजार धनतेरस पर्व पर खरीदारों से गुलजार रहे। खरीदारी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बर्तन बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की सर्वाधिक भीड़ रही। किसी ने पांच तो किसी ने सात बर्तन खरीदकर शगुन मनाया। इस बार सोने-चांदी के सिक्कों के साथ चांदी के नोट की भी खरीदारी हुई। देर रात तक बाजार में ग्राहकों के आने जाने का सिलसिला चलता रहा।
धनतेरस पर्व पर हर कोई कुछ न कुछ खरीदता है। इस दिन सामान की खरीदारी शुभ मानी जाती है। यही वजह है कि धनतेरस पर्व पर सुबह से ही बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही। तमराई बाजार में स्टील व पीतल के बर्तन, सराफा बाजार में चांदी के सिक्के व आभूषण और ऊदल चौक में इलेक्ट्रानिक सामान की बिक्री हुई।
सबसे ज्यादा भीड़ ज्वेलर्स की दुकानों में रही। यहाँ लोगों ने चांदी के नए तथा पुराने सिक्के, चांदी के नोट तथा एक ग्राम के सोने का सिक्का खरीदकर शगुन मनाया। लोगों ने विभिन्न शोरूमों में पहले से बुक की गईं आधा सैकड़ा बाइकों के अलावा 10 चार पहिया वाहन खरीदे।
सराफा व्यापारी शिवकुमार सोनी ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा धनतेरस पर कम बिक्री हुई।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी अफजल ने बताया कि धनतेरस पर लोगों की पहली पसंद एलईडी रही। बर्तन कारोबारी भानु ताम्रकार ने बताया कि उम्मीद के अनुसार बिक्री रही। स्टील के बर्तन सबसे ज्यादा बिके।
0 टिप्पणियाँ