हमीरपुर शहर के एक सभासद के बेटे ने डाक्टर बनकर मरीजों की सेवा करने के बजाय देश सेवा का फैसला लिया। युवक के लेफ्टीनेंट कर्नल के पद पर नियुक्ति होने पर सभासद और उनके परिजनों में खुशी की लहर है। गांव में भी जश्न का माहौल है।
कुरारा ब्लाक के कुसमरा गांव निवासी राजेश सिंह पुत्र अरिमर्दन सिंह कई सालों से शहर के गौरा देवी मोहल्ले में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनकी पत्नी सरस्वती सिंह नगर पालिका परिषद की सभासद हैं। राजेश सिंह के पिता मौजूदा में गांव के कोटेदार हैं। सभासद ने अपने पुत्र क्षितिज सिंह को देश की सेवा के लिए भारतीय सेना में भेजने का मन बनाया था। क्षितिज ने महर्षि विद्या मंदिर इंटर कालेज से हाईस्कूल में 86 प्रतिशत अंक हासिल किया। इसके बाद कानपुर स्थित एक इंटर कालेज कानपुर से इंटर की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की।
लेफ्टीनेंट कर्नल के पद पर नियुक्ति होने पर क्षितिज सिंह ने कहा देश की सेवा करने से बढ़कर कोई और सेवा नहीं हो सकती है। राजेश सिंह ने बताया क्षितिज ने नीट की परीक्षा दी थी। जिसमें उसे 629 रैंक मिली। इसके बाद एनडीए की तैयारियों के लिए कानपुर भेजा। पहले ही प्रयास में वह उत्तीर्ण हो गए। क्षितिज के माता-पिता ने बताया बेटा नीट की परीक्षा पास करने के बाद डाक्टर बनना चाहते थे, लेकिन उनकी इच्छा थी कि बेटा फौज में अफसर बनकर देश की सेवा करें। क्षितिज ने बताया 26 अक्तूबर को प्रयागराज छावनी में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। वहां छह दिनों तक साक्षात्कार हुआ। इसके बाद 26 नवंबर को पंजाब के कपूरथला में टेस्ट हुआ। जहां डाक्टरी और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लेफ्टीनेंट कर्नल के पद पर नियुक्ति मिली है। अब ट्रेनिंग के लिए बुलावा पत्र आने के बाद जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ