पन्ना: रैपुरा में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी पर्व, रामलीला में हुआ रावण वध

रैपुरा (पन्ना)। रैपुरा नगर में विजयादशमी का पावन पर्व बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। नवरात्रि के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। पर्व के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे। माता की प्रतिमाओं के विसर्जन स्थल संजय नगर स्थित फूटा तालाब पर प्रशासन की ओर से रोशनी की व्यवस्था भी की गई।



जगह-जगह सजीं मां दुर्गा की भव्य झांकियां

रैपुरा में नवरात्रि के दौरान जगह-जगह मां दुर्गा की झांकियां स्थापित की गईं। अष्टमी के दिन हवन-पूजन, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन हुआ। इसके बाद रात्रि में माता की झांकियां नगर भ्रमण पर निकाली गईं। इन झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और माता रानी का आशीर्वाद लिया।

नगर में यंग्स क्लब रैपुरा द्वारा हायर सेकेंडरी परिसर में स्थापित झांकी, चौगाना मोहल्ला की मां महाकाली की झांकी, झंडा चौक पर व्यापारी संघ की झांकी, थाना परिसर और अवंती चौक की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा न्यू द्वारका सिटी भरबारा, लखेरा मोहल्ला और बड़ी मढ़िया सहित विभिन्न स्थानों पर मां की झांकियां सजाई गईं। नगर में स्थापित सैकड़ों झांकियों ने उत्सव की रौनक बढ़ाई।

50 वर्षों से चली आ रही रामलीला में हुआ रावण वध

विजयादशमी के अवसर पर संकट मोचन धाम रैपुरा रामलीला समिति की ओर से रामलीला मैदान में पारंपरिक रामलीला का आयोजन किया गया। करीब 50 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में इस बार रैपुरा के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने रामायण के विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाई।

रामलीला देखने के लिए रैपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, मैदान में करीब 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। रामलीला के अंतिम प्रसंग में भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया, जिसके साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

फूटा तालाब पर हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन

नगर भ्रमण के बाद मां दुर्गा की झांकियों और प्रतिमाओं का विसर्जन संजय नगर स्थित फूटा तालाब में किया गया। विसर्जन स्थल पर प्रशासन की ओर से प्रकाश व्यवस्था की गई थी। आयोजन के दौरान रैपुरा पुलिस बल, राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत और क्षेत्रवासियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के बीच रैपुरा में विजयादशमी का पर्व संपन्न हुआ। सुरक्षा और विसर्जन की व्यवस्थाओं में स्थानीय प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों की सहभागिता रही।

रिपोर्ट: सुरेश सोनी, रैपुरा (पन्ना) |

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ