Banner

जेल उपअधीक्षक: नशा सामाजिक और पारिवारिक पतन का कारण

नशा सामाजिक और पारिवारिक पतन का कारण बनता है। नशे जैसी बुराई से जल्दी छुटकारा पाकर अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा की ओर ध्यान दें। यह बात सर्किल जेल उपअधीक्षक ममता गर्वे ने नशा मुक्ति जागरुकता अभियान के जिला जेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहाकि इस तरह के आयोजन नशे की लत का शिकार होने वाले लोगों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए फायदेमंद साबित होंगे।



कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय विभाग दतिया के साथ मिलकर सामाजिक संस्था श्री वंश गोपाल लोक कल्याण समिति और बाल प्रगति शिक्षण संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से जिला जेल परिसर में किया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी डा. लखनलाल सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय विभाग से विनोद मिश्रा, वैभव खरे उपस्थित रहे। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। अपने उद्बोधन में वैभव खरे ने कहा,कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन निवास करता है। इसलिए हमें नशे जैसी बुराइयों को छोड़कर अपने शरीर को स्वस्थ बनाना होगा। 

डा. एलएल सोनी ने कहा,कि नशा करने से कई प्रकार की बीमारियां होती हैं, जिनका मूल कारण नशे की आदत होती है। उन्होंने कहाकि नशा सर्वनाश की जड़ है। इस अवसर पर विनोद मिश्रा द्वारा कई लोकोक्तियां के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान के लिए जागरुकता प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में उप अधीक्षक द्वारा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। संचालन विनोद मिश्र ने व आभार प्रदर्शन नरेंद्र दुबे द्वारा किया। आयोजन में उमाकांत लोहिया, शिक्षक विष्णु सिंह तोमर, राजीव गोस्वामी, सुधांशु तिवारी, पवन आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ