झांसी में धार्मिक व अन्य पर्यटन स्थलों का विकास होगा , पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

झांसी में धार्मिक व अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित और आकर्षक बनाने के लिए , पर्यटन संवर्धन योजना के अंतर्गत जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक- एक पर्यटन स्थल का विकास कराया जाएगा। इसके लिया जिले के चार स्थान को चयनित किए गए हैं। जल्द ही यहां पर पचास - पचास लाख रुपये की लागत से विकास कराया जाएगा, ताकि यहां पर सैलानी आ सकें और पर्यटन को बढ़ावा मिले।



राज्य पुरातत्व विभाग ने इसके लिए विधायकों से प्रस्ताव मांगे थे, पिछले दिनों सभी विधायकों से प्रस्ताव भेजे थे, जो स्वीकृत हो गए हैं। इसमें से झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने मढ़िया महादेव मंदिर को विकसित करने का प्रस्ताव दिया था। इसमें मंदिर तक पहुंचने के लिए रास्ता, पाथ- वे, परिक्रमा मार्ग और पार्क का विकास कराया जाएगा। इसमें यह भी ध्यान रखा जाएगा कि मंदिर का ऐतिहासिक स्वरूप न बिगड़े। बैठने के लिए बेंच के अलावा साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।

बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के प्रस्ताव पर बरुआसागर किला के पास झरने को सुंदर बनाया जाएगा। इसके लिए एक गेट बनाया जाएगा, किले के पास रेलिंग लगेगी, कच्चे रास्ते को पक्का किया जाएगा। सोलर लाइट लगाई जाएगी। ताकि, ऊपर बैठकर झरने का विहंगम दृश्य देखा जा सके। नाश्ते के लिए टी स्टाल बनाया जाएगा।

गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत के प्रस्ताव पर मोंठ के किला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें बाउंड्रीवाल का रेनोवेशन किया जाएगा, यात्री शेड बनेगा, बेंच ओर रेलिंग लगाई जाएगी। मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य ने बगिया घाट हनुमान मंदिर के विकास का प्रस्ताव दिया है। यह मंदिर बहुत प्राचीन है तथा लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है। इस मंदिर का फर्श बनाया जाएगा, इंटरलाकिंग से रास्ता मजबूत होगा। पीने के पानी की सुविधा की जाएगी, प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यहां पर लाल सेंड स्टोन (पत्थर) का काम होगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ