खेलग्राम में चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के अंतर्गत बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के सामाजिक कल्याण से जुड़े संकल्पों को भी पूरा किया जा रहा है। खेलग्राम परिवार द्वारा यज्ञ के दूसरे दिन से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन शुरू हो गया है। सदगुुरू नेत्र चिकित्सालय से आए चिकित्सक दल ने आयोजन में शामिल हुए 153 लोगों के नेत्र परीक्षण किए। इस दौरान 26 लोगों को सामान्य समस्याओं के निदान हेतु दवा और चश्मों का वितरण किया गया। 22 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया। इनके निशुल्क ऑपरेशन के लिए उन्हें खेलग्राम परिवार द्वारा बस के माध्यम से चित्रकूट रवाना किया गया।
जो माया को चाहते हैं वे बिखर जाते हैं, जो माधव को चाहते है वे निखर जाते हैं
आयोजन के अंतर्गत श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन कथा व्यास पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के श्रोता और वक्ता के लक्षणों को परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा में ही श्रोता और वक्ता के लिए नियमावली दी गई है। एक अच्छे श्रोता को कथा दिवसों के दौरान जमीन पर सोना चाहिए। तामसिक भोजन से बचना चाहिए, क्रोध, असत्य, आवेश से दूर रहना चाहिए और कम बोलना चाहिए। इसी तरह कथा वक्ता को विरक्ति का भाव रखना चाहिए। कथा वक्ता वह हो जो वैष्णव दीक्षित हो, गुरू परंपरा के अंतर्गत जिसने शास्त्रों का अध्ययन किया हो और जो जीवन में तप और नियम को पालता हो। उन्होंने कहा कि इन लक्षणों को वैसे तो जीवन भर धारण करना चाहिए।
पापी से पापी लोग अपने जीवन को सद्मार्ग पर ले आएं तो धुंधकारी की तरह उन्हें भी भगवत कृपा उपलब्ध हो जाती है। उन्होंने कहा कि जो लोग माया को चाहते हैं वे बिखर जाते हैं, जो गोविंद को चाहते हैं वे निखर जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी को चित्रों से बड़ा लगाव है जबकि उन्हें चरित्र से लगाव होना चाहिए। हमें अच्छे महापुरूषों की कथा को पढऩा चाहिए और अपने जीवन में यत्र, तत्र, सर्वत्र चरित्र सुधार के प्रयास करने चाहिए। दूसरे दिन की कथा में मप्र के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय सिंह, महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित, भाजपा के पूर्व विधायक गुड्डन पाठक, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश शुक्ला, छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी, विनोद दीक्षित, अशोक दीक्षित सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आपका Bundelkhand troopel टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ