सेंट्रल यूपी और बुंदेलखंड में बुखार का कहर जारी है, 24 घंटे के अंदर 14 और मौतों से चारों तरफ दहशत का माहौल है। प्रभावित इलाकों से लोग पलायन करने लगे हैं। सोमवार को बुखार से सबसे अधिक चार मौतें बुंदेलखंड के महोबा में हुईं। यहां बुखार से मरने वालों की संख्या 15 से ऊपर पहुंच चुकी है।
बांदा में भी 24 घंटे में बुखार से तीन लोगों की जान चली गई। पूरा बुंदेलखंड वायरल और डेंगू की चपेट में है। कानपुर देहात में बुखार से दो और मौतें हुईं, यहां अब तक 30 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। जिले के प्रभावित इलाकों से लोग पलायन कर रहे हैं। कन्नौज में भी बुखार से एक मौत हुई, यहां बुखार से मरने वालों की संख्या 13 पहुंच चुकी है। वहीं, कानपुर में बुखार से दो और लोगों की जान चली गई।
सभी जिलों में सोमवार को अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में कई गुना इजाफा हुआ, इनमें अधिकतर बुखार पीड़ित थे। अस्पतालों में बेड फुल हो चुके हैं, डॉक्टर गंभीर मरीजों को भी दवा देकर टाल रहे हैं। कई जिलों में डेंगू की जांच न होने से दूसरे जिलों का मुंह ताकना पड़ रहा है, रिपोर्ट आने में देरी होने से मरीजों की हालत बिगड़ रही है।

0 टिप्पणियाँ