Banner

UP Election: हाथ में कलावा बांध दे रहे राम की कसम, BJP को मत देना वोट, बुंदेलखंड में चल रहा ये कैसा अभ‍ियान

 

लक्ष्मी नारायण शर्मा, झांसी: बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे संगठन बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने राम की कसम देकर लोगों को कलावा बांधने का अभियान शुरू किया है। आंदोलनकारी कह रहे हैं कि अलग राज्य निर्माण का वादा करने के बाद भी बीजेपी नेताओं ने पूरा नहीं किया। बीजेपी ने बुंदेलखंड के लोगों को धोखा दिया है। मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोगों को यह कलावा बांधकर वादाखिलाफी करने वाले नेताओं के खिलाफ वोट करने की कसम दे रहे हैं।

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के पदाधिकारियों ने ओरछा के रामराजा सरकार मंदिर से राम बंधन पुजवाकर इसे लेकर लोगों के हाथ में बांधने का अभियान शुरू किया है। पदाधिकारियों का कहना है कि इस कलावा को लोगों की हाथों पर बांधकर राम का कौल यानी राम की कसम दी रही है। पदाधिकारियों के मुताबिक चुनाव के दौरान बुंदेलखंड के सभी सातों जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है और वादाखिलाफी करने वाली पार्टी के खिलाफ या फिर नोटा पर वोट करने की अपील की जा रही है।

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष भानू सहाय कहते हैं कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान झांसी सीट से तत्कालीन प्रत्याशी उमा भारती ने सरकार बन जाने पर तीन साल के भीतर पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण कराने का वादा किया था। यह वादा नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह की मौजूदगी में किया गया था और इन दोनों नेताओं ने उमा भारती के ऐलान को पूरा करने की बात कही थी। केंद्र में भाजपा सरकार का दूसरा कार्यकाल आ जाने के बाद भी वह वादा पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में वादाखिलाफी करने वालों के खिलाफ या फिर नोटा पर वोट करने की अपील की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ