राष्ट्रपति चुनाव से पहले प्रदेश में तीन विधायक बीजेपी में शामिल होंगे। बसपा विधायक संजीव सिंह, सपा विधायक बबलू शुक्ला और निर्दलीय विधायक विक्रम राणा तीनों 11 बजे सदस्यता लेंगे। इसे राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी की वोट वैल्यू बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि बसपा, सपा और निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल होंगे। बसपा विधायक संजीव सिंह, सपा विधायक बबलू शुक्ला और निर्दलीय विधायक विक्रम राणा तीनों प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने सदस्यता के लिए आ रहे हैं।
बता दें, संजीव सिंह ने भाजपा छोड़कर बसपा से 2013 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत नहीं सके थे। इसके बाद 2018 में उन्होंने 35 हजार से ज्यादा वोट से जीत हासिल की थी। संजीव बसपा के विधायक दल के नेता भी हैं। संजीव बीजेपी में भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश पदाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। संजीव ने अपने पिता के साथ 2013 में बसपा की सदस्यता ले ली थी।
वहीं, राजेश कुमार शुक्ला छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा सीट से सपा विधायक हैं। राजेश शुक्ला ने 2018 चुनाव में भाजपा के पुष्पेंद्रनाथ पाठक को हराया था। उनके राज्यसभा के लिए हुए मतदान में भाजपा के समर्थन में मतदान किया था, जिसके बाद उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया था। विक्रम सिंह राणा सुसनेर विधानसभा से निर्दलीय विधायक हैं। विक्रम सिंह के भाजपा में शामिल होने की पहले से चर्चा चल रही थी।
साभार- अमर उजाला
0 टिप्पणियाँ