इंदौर में बदमाश बूची और सन्नाटे ने लहराईं तलवारें:दहशत में घरों में दुबके रहे लोग, तीन बदमाशों के VIDEO वायरल

 इंदौर में बदमाशों के लगातार हथियार लहराकर धमकाने और सनसनी फैलाने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में तीन मामले सामने आए हैं। इनकी दहशत के कारण लोग घरों में दुबक जाते हैं। सोमवार को मल्हारगंज में एक बदमाश का तलवार लहराते हुए वीडियो वायरल हो गया। वह लोगों को धमका रहा है। पूरे घटनाक्रम का लोगों ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।

जिंसी के शंकरगंज में रहने वाला नीलेश उर्फ बूची हाथ में तलवार लहराते हुए लोगों को धमकी देता रहा। उसकी इस हरकत से कई लोग काफी देर तक दहशत में रहे। कई लोग घरों में दुबक गए। लोगों ने इस दौरान थाने पर भी कॉल किया। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बूची काफी देर तक तलवार लहराकर घूमता रहा। रहवासियों के मुताबिक बूची पर कई अपराध दर्ज हैं।

सन्नाटे ने भी लहराया छुरा

खजराना इलाके की इसहाक कॉलोनी में रहने वाले बदमाश सोनू सन्नाटे का भी एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में सन्नाटा दोनों हाथ में तलवार लेकर महिलाओं को धमका रहा है। वीडियो खजराना पुलिस तक पहुंच गया। इस मामले में सन्नाटे की तलाश की गई लेकिन वह पुलिस को अब तक नहीं मिल पाया है। रहवासियों ने बताया था कि सोनू के साथ उसका भाई शाहरुख भी थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। चुनाव के दौरान पुलिस की सख्ती के दौरान आरोपी इलाके में हथियारों के साथ खुलेआम धमकी दे रहा था।

कलेक्टर में तलवार लेकर पहुंचा नशेड़ी

तीसरा मामला कलेक्टर कार्यालय परिसर का है। यहां एक सिरफिरा तलवार लेकर जा पहुंचा। वह यहां अपनी सुरक्षा को लेकर तलवार होने की बात करता रहा। रावजी बाजार पुलिस के मुताबिक बदमाश का नाम सतीश जयसवाल है। वह अपने दोस्त और दो बच्चों को लेकर कलेक्टर परिसर में पहुंचा था। वह नशे में भी था। सतीश कलेक्टर से मिलने की बात कर रहा था। वह बता रहा था कि उसकी जान को खतरा है, इसलिए उसने तलवार साथ रखी है। उसे यहां सुरक्षाकर्मी विक्रम ने तलवार के साथ देखा तो पकड़ लिया और थाने पर सूचना दी। पुलिस सतीश को थाने ले गई।


साभार- भास्कर 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ