Banner

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण और पाया यह

बांदा, जिला अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्राथमिक विद्यालय भिम्मा का पुरवा, प्राथमिक विद्यालय गुरेह तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) गुरेह विकासखंड बड़ोखर खुर्द का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए साफ सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से सवाल करके शिक्षा की गुणवत्ता भी परखी। शिक्षा की गुणवत्ता निम्न स्तर की पाए जाने पर अध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए ।



प्राथमिक विद्यालय, भिम्मा का पुरवा के निरीक्षण के दौरान अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया। उपस्थिति पंजिका के अनुसार जयभान सिंह, प्रधानाध्यापक, नीता देवी, सहायक अध्यापिका एवं देव नारायण तिवारी, शिक्षा मित्र उपस्थित पाये गये। सुनीता, शिक्षा मित्र अनुपस्थित पायी गयी। निरीक्षण के समय अनुपस्थित शिक्षा मित्र का एक दिन का मानदेय रोकने को कहा गया। निरीक्षण के समय कक्ष में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पायी गयी।

कक्ष में कापी किताबें अस्त-व्यस्त पड़ी हुई पायी गयी। निरीक्षण के समय छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया गया। उपस्थिति रजिस्टर के अनुसार विद्यालय में कुल पंजीकृत 45 बच्चों के सापेक्ष 11 बच्चें विद्यालय में उपस्थित पाये गये।विद्यालय में अधिकांश बच्चें अपनी निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले।

निरीक्षण के समय विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में बच्चों से प्रश्न किए गए छात्र छात्राओं से हिन्दी, गणित विषय में पहाडे व सवाल आदि पूछे गये, परन्तु बच्चे पूछे गये प्रश्नों के उत्तर संतोषजनक नहीं दे पाये। विद्यालय की पठन-पाठन की स्थिति खराब एवं निम्न स्तर की पायी गयी।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बांदा को निर्देश दिये कि सम्बन्धित विषयों के पठन-पाठन की स्थिति खराब पाये जाने के सम्बन्ध में सम्बन्धित अध्यापकों का स्पष्टीकरण 7 दिवस में उपलब्ध कराये। निरीक्षण के समय विद्यालय के सभी कक्षों में अंधेरा पाया गया। प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पायी गयी। विद्यालय में हैण्डपम्प लगा हुआ पाया गया, परन्तु हैण्डपम्प खराब अवस्था में पाया गया। साथ ही हैण्डपम्प में समरसेबुल लगा हुआ था, जो खराब था।

विद्यालय में बच्चों के पीने को स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं पायी गयी। हैण्डपम्प के चारों ओर गन्दगी अम्बार पाया गया। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय, भिम्मा का पुरवा में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र में सामग्री रखी हुई नहीं पायी गयी। जानकारी करने पर आंगनबाड़ी सहायिका द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।

प्राथमिक विद्यालय, गुरेह, में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका को चेक किया जिसमें समस्त शिक्षक स्टाफ उपस्थित पाये गये।निरीक्षण के समय छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया गया। उपस्थिति रजिस्टर के विद्यालय में कुल पंजीकृत 274 बच्चों के सापेक्ष 95 बच्चें विद्यालय में उपस्थित पाये गये। विद्यालय में अधिकांश बच्चें अपनी निर्धारित ड्रेस में नहीं थे। इस सम्बन्ध में जानकारी करने पर प्रधानाध्यापक द्वारा बताया गया कि वर्ष 2022-23 का ड्रेस की धनराशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजी जा चुकी है।

निरीक्षण के समय विद्यालय में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ नहीं पायी गयी। विद्यालय में स्थापित हैण्डवाशिंग यूनिट संचालित है, परन्तु नल की टोटियों में पानी सप्लाई नहीं पायी गयी। टोटियां के आस-पास गन्दगी पायी गयी। जगह-जगह कचरें के ढेर पाये गये तथा विद्यालय के कक्षों में सफाई व्यवस्था का अभाव पाया गया।

विद्यालय में स्थापित शौचालय अत्यधिक गन्दे पाये गये तथा बाथरूम में पानी भी नहीं आ रहा था। विद्यालय में खेल के मैदान में अत्याधिक गन्दगी एवं घास उगी हुई पायी गयी। डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बांदा को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में पाई गई कमियों को तत्काल दुरूस्त कराते हुये तीन दिवस में अवगत करायें।

साभार : बुंदेलखंड न्यूज़

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ