मुख्य समारोह में प्रदेश के पशु पालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने राष्ट्रध्वज फहराकर ली परेड की सलामी प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री जी के संदेश का किया वाचन विभिन्न विभागों ने निकाली झांकियां जिले में समारोह पूर्वक मनाया गया 76 वां गणतंत्र दिवस

जिले में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) बड़े हर्षोउल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। देश की आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, जिले भर में शान से लहराया। मुख्य समारोह स्थानीय स्टेडियम मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रात: 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी सहित परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक हेमंत बरहैया के साथ सलामी परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर राज्यमंत्री श्री पटेल ने हर्षोउल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे गगन में मुक्त किये। राज्यमंत्री श्री पटेल ने साल श्रीफल भेंट कर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया।

मुख्य अतिथि प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने  मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश में भारत के 76 वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाऍं। आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व-गुण  के फलस्वरूप यह संभव हुआ है। आज संपूर्ण विश्व में भारत की गरिमा और साख बढ़ रही है।     
गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर यह बताते हुए प्रसन्नता है कि एक वर्ष में प्रदेश के चहुँमुखी विकास के साथ प्रदेश की जनता के हित में जन-सहयोग से जो कार्य हुए हैं, उनसे मध्यप्रदेश विकसित राज्य के रूप में पहचान बना रहा है। इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश के लगभग साढे़ आठ करोड़ नागरिकों को जाता है, जो इस पहचान के शिल्पकार रहे हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुरूप विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश की हमारी यात्रा निरंतर चल रही है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 25 दिसम्बर 2024 को छतरपुर जिले के खजुराहो में देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना, केन-बेतवा परियोजना का भूमि-पूजन किया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के 100 वें जन्म जयंती वर्ष में मध्यप्रदेश को मिली इस सौगात में मध्यप्रदेश के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, शिवपुरी, दतिया, रायसेन, विदिशा और सागर जिले शामिल हैं। परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र के इन जिलों के कुल 8 लाख हेक्टेयर से अधिक और उत्तरप्रदेश के ढाई लाख हेक्टेयर, इस प्रकार कुल साढे़ 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही, मध्यप्रदेश की 41 लाख एवं उत्तरप्रदेश की 21 लाख आबादी को पेयजल सुविधा भी प्राप्त होगी।


प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने ज्ञान (GYAN) का मंत्र दिया है, जिसका अर्थ है गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी। ज्ञान पर ध्यान के ध्येय वाक्य को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। अपनी सम्पूर्णता में यह समाज के सशक्तिकरण का मंत्र है।इस मंत्र की सिद्धि की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने चार मिशन, युवा शक्ति, गरीब कल्याण, किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ राष्ट्रीय युवा दिवस पर किया गया है। यह मिशन युवाओं के स्वप्न साकार होने का माध्यम तो बनेगा ही, साथ ही समाज में सकारात्मक और अपेक्षित परिवर्तन लाने के लिए भी प्रेरित करेगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास एवं क्षमता संवर्धन, उद्यमिता को प्रोत्साहन एवं रोज़गार, सामाजिक पहल, सामाजिक सद्भाव, इस मिशन के प्रमुख स्तंभ हैं। युवा-केंद्रित पहलों की प्रगति पर निगरानी रखने के लिए एक प्रभावी तंत्र स्थापित किया जाएगा।

गरीब कल्याण मिशन स्थानीय समुदाय के सशक्तिकरण के माध्यम से वर्तमान शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए राज्य की जनता को आत्मनिर्भरता और समृद्धि के पथ पर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होगा। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीबों के पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहा है। योजना में, प्रदेश के 36 लाख ग्रामीण और 8 लाख से अधिक शहरी परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध हो गया है। केंद्र सरकार द्वारा नि:शुल्क राशन वितरण योजना को वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया गया है।

किसानों को अधिक दाम प्रदान करने वाली फसलों को लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश के सिंचित क्षेत्र का रकबा अगले पाँच वर्ष में 50 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। मध्यप्रदेश में उद्यानिकी फसलों का रकबा 26 लाख हेक्टेयर से अधिक है। संतरा, टमाटर, धनिया, लहसुन और मसाला उत्पादन में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम है। प्रदेश में 50 हाईटेक नर्सरी बनाई जा रही हैं।

मध्यप्रदेश सरकार ने शासकीय सेवाओं में महिलाओं को अब 35 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्यों में शामिल हैं। योजना के प्रारंभ से अब तक 42 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। 

समारोह में मार्च पास्ट रहा आकर्षण का केन्द्र

इस अवसर पर सशस्त्र और नि:शस्त्र बल की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुये मार्च पास्ट किया। सशस्त्र बलों ने तीन बार हर्ष फायर कर राष्ट्रपति जी की जय का गगनभेदी जयघोष किया। राष्ट्रधुन बजाई गई।

सांस्कृतिक कायक्रमों की प्रस्तुती

स्कूली छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इसी प्रकार सीएम राईज दमोह, गुरूनानक स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय हटा, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय दमोह, डीपीएस विद्यालय दमोह ने एक से बढ़कर एक मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

श्रेष्ठ कार्यो के लिए अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

राज्यमंत्री श्री पटेल ने श्रेष्ठ और सराहनीय कार्यो और योजनाओं में उपलब्धि हासिल करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। पुलिस विभाग के अधिकारी और पुलिस कर्मी भी इस दौरान सम्मानित हुए।

झांकिया आर्कषण का केन्द्र रही

इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केन्द्र रही। इसमें जिला शिक्षा केन्द्र को प्रथम, पशुपालन को द्वितीय और कृषि विभाग को तीसरा पुरूस्कार मिला। इसमें स्वास्थ्य, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन,  जनजातीय विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, वन मण्डल, तकनीकी शिक्षा विभाग, जल जीवन मिशन तथा उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण विभाग शामिल रहे।

ये रहे मौजूद

समारोह में विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी, जिला न्यायाधीश एवं सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेश भट्ट, जिला न्यायाधीश राम मनोहर दांगी, सीजेएम रामसिंह बघेल सहित अन्य न्यायाधीशगण, पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक जयंत कुमार मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल,पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, डॉ सुधा मलैया, अमित गोलू बजाज, अरविंद उपाध्याय जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत अर्पित वर्मा, वन मंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, राज्यमंत्री की धर्मपत्नी उर्मिला पटैल, कलेक्टर धर्मपत्नि मोनिका कोचर, पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी मैत्री सिंह, विद्यासागर पाण्डे, अखिलेश हजारी, रमन खत्री, आलोक गोस्वामी, गोपाल पटैल, हरीशचन्द्र गुड्डू भैया, कपिल शुक्ला, राघवेन्द्र सिंह परिहार, संजय सेन, भरत यादव,  एडीशनल कलेक्टर मीना मसराम, एडीशनल एसपी श्री संदीप मिश्रा, एसडीएम श्री आरएल बागरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मालती आसाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकगण, लोकतंत्र सेनानी, सम्मानीय पत्रकारगण, अधिकारीगण और महिलायें, छात्र-छात्रायें उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विपिन चौबे, डॉ. आलोक सोनवलकर, श्री सुनील वेजेटेरियन और द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ