महोबा। लगातार हो रही बारिश से यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित उर्मिल बांध उफना गया। मध्य प्रदेश के इलाके में हो रही बारिश के चलते बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए बांध के पांच फाटक खोलकर 4,672 क्यूसेक पानी उर्मिल नदी में छोड़ा गया। साथ ही सीमावर्ती 15 गांवों में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों, चरवाहों व मछुआरों को नदी के आसपास आने से रोका गया। सिंचाई विभाग के अधिकारी बांध पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं।
उर्मिल बांध की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 237.43 मीटर है। बांध पहले से ही लबालब है। मध्य प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में दो दिन से हो रही झमाझम बारिश से उर्मिल बांध एक बार फिर उफना गया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पुलिस की सहायता से बांध के आसपास के निचले इलाकों में स्थित मध्य प्रदेश के भिरोटा, ऊजरा, मलका, खिरी व जनपद महोबा के शमशेरा, फुटेरा, कैमाहा, टपरियन, डिगरिया, ज्योरइया, सिजरिया समेत 15 गांवों को अलर्ट जारी किया। इस दौरान ग्रामीणों को नदी की ओर न जाने की सलाह दी गई है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शिव वर्मा ने बताया कि बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से बांध के अतिरिक्त पानी को उर्मिल नदी में डिस्चार्ज करना पड़ा। वर्तमान में बांध का जलस्तर 236.60 मीटर बना हुआ है। दो-दो घंटे के अंतराल में बांध के जलस्तर की नाप कराई जा रही है।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ