महोबा। शहर के कीरत सागर तालाब के किनारे सड़क पर बुधवार की सुबह जाम की स्थिति बन गई। सड़क के किनारे सब्जी मंडी लगने से आधा घंटा वाहन फंसे रहे। जाम में शिक्षकों व स्कूली वाहनों के फंसने से बच्चे देर से स्कूल पहुंचे।
सब्जी मंडी के लिए प्रशासन ने कीरत सागर तट के पास एक मैदान आवंटित किया है लेकिन मैदान के बजाय सड़क के किनारे ही सब्जी की दुकानें लग रही हैं। सब्जियां लादकर आने वाले ट्रक व सब्जी खरीदने आने वाले छोटे दुकानदारों के वाहन भी यहीं पर खड़े हो रहे हैं। संत जोसफ्स स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के स्कूली वाहन भी इसी सड़क से होकर निकलते हैं।
रेलवे स्टेशन का भी यही मार्ग है। इससे यहां पर रोजाना सुबह जाम लग रहा है। बुधवार की सुबह सात बजे आड़े-तिरछे वाहन खड़े होने से जाम लग गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनोंं की कतारें लग गईं। जाम में फंसे नीरज द्विवेदी ने बताया कि उनका बच्चा वैन से स्कूल जाता है। बुधवार को काफी देर से वैन के जाम में फंसने पर उन्हें फोन पर सूचना मिली। इसलिए बाइक से बच्चे को विद्यालय छोड़ने जा रहे हैं। वहीं, स्कूली वैन चालक राजेश ने कहा कि अक्सर ही यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। बच्चे आधा घंटा से एक घंटा तक देरी से विद्यालय पहुंचते हैं। इससे काफी परेशानी हो रही है। वाहन चालकों ने सब्जी मंडी को निर्धारित स्थान पर लगवाने की जिला प्रशासन से मांग की है।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ