झांसी। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का समापन समारोह आठ अगस्त को होगा। इसके तहत, प्रभातफेरी निकाली जाएगी और प्रतियोगिताओं के साथ महोत्सव का लाइव प्रसारण भी होगा।
सीडीओ जुनैद अहमद ने बताया कि जनपद के शहीद स्मारक, स्मृति स्थल, अमृत सरोवर या फिर अमृत वाटिका पर पौधरोपण होगा। कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी शैक्षणिक संस्थाओं में भी पौधे रोपे जाएंगे। विभाग के छात्र-छात्राओं की ओर से आजादी के नायकों के चित्र, देशभक्ति के नारे लिखी पट्टिकाओं के साथ सुबह आठ बजे प्रभातफेरी निकाली जाएगी।
झांसी किले से जीवनशाह तिराहे तक प्रभातफेरी सुबह 8:30 बजे, माध्यमिक विद्यालयों में काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना एवं काकोरी के नायकों पर आधारित भाषण, निबंध लेखन, सुलेख लेखन, वाद-विवाद पर प्रतियोगिता का आयोजन और प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा।
काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ पर राजकीय संग्रहालय में शुक्रवार को सुबह 11 बजे फोटो प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लखनऊ में आयोजित काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव के समापन समारोह के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ