मध्य प्रदेश में इस मानसूनी सीजन में जमकर बारिश हो रही है. बारिश के कारण जगह जगह-जगह पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं. हाल ही में ग्वालियर और भोपाल में सड़क धंसने की घटना सामने आई थी. ग्वालियर का मुद्दा तो सोशल मीडिया पर भी खूब ट्रेंड हुआ था.
वहीं, बरसात का बड़ा असर दमोह पन्ना स्टेट हाइवे पर पड़ा है. यहां रोड के साथ-साथ पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है. जिसके कारण पुल पर आवागमन ठप हो गया है. पुल पर बंद आवागमन को लेकर दमोह डीएम ने लोगों से माफी भी मांगी.
जानिए पूरा मामला
दरअसल, अगस्त महीने के शुरुआती दौर में हुई तेज बारिश ने न सिर्फ सड़कें बर्बाद की, बल्कि इस हाइवे पर बने गैसाबाद की नदी के पुल को भी भारी नुकसान पहुंचाया. नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया और ऐसे में इस पुल पर सफर किसी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता था. लिहाजा दमोह कलेक्टर ने जानकारों से जांच कराने के बाद इस पुल से आवागमन पूरी तरह से बंद करा दिया और पिछले महीने भर से ये पुल बंद है. वहीं, रास्ते को डायवर्ट किया गया है.
असुविधा के लिए डीएम ने मांगी माफी
पुल बंद हो जाने के कारण महीने भर से सफर करने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है और अब कलेक्टर ने बताया है की सितंबर महीने की 1 या 2 तारीख से सड़क का सुधार कार्य और गैसाबाद की नदी के पुल की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा और अगले कुछ दिनों में इस पुल से आवागमन शुरू होगा. डीएम सुधीर कोचर ने लोगों की असूविधा के लिए माफी भी मांगी है और कहा है कि सिर्फ लोगों की जान की हिफाजत के लिए ये कदम उठाए गए थे.
साभार : ज़ी न्यूज़

0 टिप्पणियाँ