ललितपुर। झांसी से महोबा, खजुराहो के रास्ते ललितपुर तक एक और मेमू ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। मंगलवार की रात को झांसी से चलने वाली मेमू ट्रेन मऊरानीपुर, महोबा, खजुराहो, छतरपुर व टीकमगढ़ के रास्ते 368 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बुधवार सुबह 6:39 बजे ललितपुर पहुंची। हालांकि, पहले दिन यह मेमू ट्रेन 44 मिनट देरी से पहुंची।
ललितपुर-खजुराहो रूट पर नौ वर्षों में पैसेंजर ट्रेन के बाद एक्सप्रेस और वंदेभारत समेत दस ट्रेनों का रोजाना संचालन हो रहा है। वहीं, पर्यटन नगरी खजुराहो में पर्यटकों की सुविधा के लिए ट्रेनों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। अब रेलवे ने इस रूट पर एक और मेमू ट्रेन का संचालन शुरू किया है, जो झांसी से महोबा, खजुराहो के रास्ते ललितपुर तक चल रही है। महोबा, खजुराहो के रास्ते ललितपुर के लिए यह ट्रेन झांसी स्टेशन से बीते रोज मंगलवार की रात को 8:47 बजे रवाना की गई, जो मऊरानीपुर स्टेशन पर रात 9:43 बजे पहुंची। इसके बाद यह ट्रेन हरपालपुर, बेलाताल, कुलपहाड़ होते हुए महोबा स्टेशन पर रात 11:16 बजे पहुंची। फिर यहां से ट्रेन रात 12:06 बजे रवाना हुई, जो देर रात सिंहपुर डुमरा होकर खजुराहो स्टेशन पर रात 3:07 बजे पहुंची। यहां से यह ट्रेन 3:46 बजे रवाना होकर दुरियागंज, छतरपुर, ईशानगर, खरगापुर, सरकनपुर होते हुए टीकमगढ़ स्टेशन पर सुबह 5:40 बजे पहुंची। फिर यहां से पांच मिनट बाद रवाना होकर उदयपुरा, बिरारी होते हुए ललितपुर स्टेशन पर बुधवार सुबह 6:39 बजे ललितपुर पहुंची। लगभग आधे घंटे बाद यह ट्रेन वापस खजुराहो, महोबा, मऊरानीपुर होते हुए झांसी स्टेशन के लिए रवाना हुई।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ