महोबा: शिवालयों में उमड़े भक्त, जलाभिषेक कर टेका माथा

महोबा। सावन के अंतिम सोमवार को शिव मंदिरोंं में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। शिवालय बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। भक्तों ने भगवान शिव का जल, दूध व शहद से अभिषेक कर माथा टेका। पूरे दिन घरोंं और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।


शहर के प्राचीन बलखंडेश्वर मंदिर, बड़ी चंद्रिका स्थित विशाल शिव मंदिर, शिवतांडव मंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर, रामकुंड स्थित उमंगेश्वर मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में महिलाओंं के जत्थे भोर से ही रवाना हुए। भक्तों ने भगवान शिव की बेलपत्र, धतूरा, फूल से पूजा-अर्चना की।

उमंगेश्वर मंदिर में महिलाओं ने रामकुंड से जल लाकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंगलगीत गाते हुए भगवान शिव के जयकारे लगे। द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में पार्थिव शिवलिंग बनाने के लिए महिलाओंं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिवलिंग का विशेष अनुष्ठान कराया गया। बलखंडेश्वर मंदिर में पुलिस बल तैनात रहा। यहां मंदिर से 200 मीटर पहले पार्किंग की व्यवस्था की गई। रिमझिम बारिश के बीच भक्तों का शिव मंदिरों में आना-जाना पूरे दिन चलता रहा।

साभार : अमर उजाला


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ