बुंदेलखंड में झुलसाने वाली धूप और उमस से लोग बेहाल, किसानों की चिंता बढ़ी

बुंदेलखंड इस समय भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहा है। तेज धूप और उमस भरे मौसम ने लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त कर दी है, वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें और गहरी हो गई हैं। खेतों में खड़ी फसलें पानी की मांग कर रही हैं, लेकिन आसमान से बारिश का नामोनिशान नहीं। ऊपर से बिजली कटौती ने सिंचाई को और मुश्किल बना दिया है।

चित्रकूट और बांदा

चित्रकूट व बांदा में उमस और धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। गांवों में लोग पेड़ों की छांव में शरण लेते नजर आए, जबकि शहरों में पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हुए। शुक्रवार को बांदा का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन हल्की गरज-बरस के साथ बूंदाबांदी की संभावना राहत दे सकती है।

झांसी

झांसी में गुरुवार को पारा 35 डिग्री पहुंचा। उमस से लोग परेशान दिखे और किसान आसमान की ओर नजरें गड़ाए रहे। शुक्रवार को तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों की बेचैनी और पसीना झेलना पड़ सकता है। बारिश की कोई उम्मीद यहां नहीं है।

हमीरपुर

हमीरपुर में गुरुवार को तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया। धान की फसलें पानी मांग रही हैं, लेकिन सूखे खेत और बिजली कटौती ने किसानों की मुश्किल बढ़ा दी। पौधे पीले पड़ने लगे हैं। शुक्रवार को तापमान हल्का गिरकर 35 डिग्री रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है।

जालौन

जालौन में हालात और खराब रहे। उमस इतनी ज्यादा रही कि पंखे और एसी भी राहत नहीं दे पाए। गांवों में लोग आसमान को निहारते रहे लेकिन बादल दगा दे गए। शुक्रवार को भी मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा।

ललितपुर और महोबा

ललितपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज हुआ। यहां भी धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। शुक्रवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। महोबा में भी हालात अलग नहीं हैं—लोग छांव में बैठकर राहत ढूंढते रहे, लेकिन हवा न चलने से गर्मी और उमस ने मुश्किलें और बढ़ा दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ