Damoh: के इस टीचर ने बदली बच्चों की किस्मत! साइंस वॉल से लेकर घूमती लाइब्रेरी तक, अब मिलेगा नेशनल अवॉर्ड

कहते हैं अगर शिक्षक ठान ले तो बच्चों की पढ़ाई मुश्किल नहीं, मजेदार हो सकती है. दमोह जिले के सरकारी स्कूल शिक्षक माधव प्रसाद पटेल ने इस बात को सच कर दिखाया है. अपनी अनोखी और नई पहल से उन्होंने न सिर्फ बच्चों का डर खत्म किया, बल्कि पढ़ाई को इतना रोचक बना दिया कि अब पूरा गांव उनकी मिसाल दे रहा है. यही वजह है कि उन्हें नेशनल अवॉर्ड 2024 के लिए चुना गया है और शुक्रवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल उन्हें सम्मानित करेंगे.

साइंस वॉल

बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ावा देने के लिए पटेल ने स्कूल में साइंस वॉल बनाई. यहां बच्चे अपने सवाल लिखते हैं और फिर क्लासरूम में टीचर उन सवालों को आसान भाषा में समझाते हैं. इससे कठिन से कठिन टॉपिक भी खेल-खेल में समझ आ जाते हैं.

अखबार से भाषा की पढ़ाई

भाषा सीखने के लिए उन्होंने पुरानी अखबारों का इस्तेमाल शुरू किया. बच्चे ग्रुप बनाकर इनमें से संज्ञा, सर्वनाम और विलोम शब्द खोजते हैं. इस एक्टिविटी से बच्चों का शब्द भंडार बढ़ता है और टीमवर्क की आदत भी बनती है.

खेल-खेल में पढ़ाई

पटेल मानते हैं कि जब बच्चे खेल-खेल में सीखते हैं तो दिमाग पर बोझ नहीं पड़ता. इसी सोच से उन्होंने पढ़ाई में गेम्स को शामिल किया. इससे बच्चों में उत्साह भी बढ़ा और चीजें याद भी ज्यादा देर तक रहीं.

घूमती लाइब्रेरी, रोमिंग बुक्स

छुट्टियों में भी बच्चे किताबों से जुड़े रहें, इसके लिए उन्होंने रोअमिंग बुक्स की शुरुआत की. किताबें मोटरसाइकिल पर बांधकर पूरे गांव में ले जाई जाती हैं. इससे बच्चों को लाइब्रेरी बंद होने पर भी किताबें पढ़ने का मौका मिलता है.

गांव की दीवारें बनीं ब्लैकबोर्ड

गणित और इंग्लिश जैसे कठिन विषयों के लिए पटेल ने दीवारों को ही किताब बना दिया. गांव की कई दीवारों पर उन्होंने फॉर्मूले और कॉन्सेप्ट्स लिखवा दिए, ताकि बच्चे रोज इन्हें देखते रहें और चर्चा करते रहें.

फार्म स्कूल की नई पहल

खेती-किसानी में व्यस्त रहने वाले परिवारों के बच्चों के लिए उन्होंने फार्म स्कूल शुरू किया. इसमें टीचर खेतों में जाकर बच्चों को पढ़ाते हैं, ताकि उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे.

समुदाय भी जुड़ा

पटेल ने गांव के पूर्व विद्यार्थियों और लोगों को भी जोड़ा. उन्होंने जगह-जगह लर्निंग बोर्ड्स लगाए, जिनसे गांव वाले खुद बच्चों को पढ़ाई में मदद करने लगे.

साभार : न्यूज़ 18

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ