जालौन। शारदीय नवरात्र के पहले ही दिन जहां मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और शहर आस्था के रंग में रंगा दिखाई दिया, वहीं बिजली और पानी की समस्या ने लोगों की आस्था और दिनचर्या दोनों को कठिन बना दिया।
सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिरों की मंगला आरती में शामिल होने जा रहे भक्तों को रोशनी के बजाय अंधेरे का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय से ज्यादा देर तक रोस्टिंग चलने और अचानक बिजलीघर की केबल फाल्ट होने से नगर की आपूर्ति घंटों बाधित रही। इसके चलते सुबह से लेकर दोपहर तक लोगों को बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
बिजली आपूर्ति ठप होने का असर सीधे जलापूर्ति पर भी पड़ा। श्रद्धालु और आमजन नवरात्र के पहले दिन ही पीने के पानी तक से वंचित हो गए। दिन चढ़ने के साथ कटौती का सिलसिला चलता रहा, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कटरा मोहल्ले में स्थिति और भी गंभीर रही। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए लगे नलकूप का पैनल खराब हो गया, जिसके कारण पूरे दिन पानी नहीं आ सका। इससे पहले भी मोटर खराब होने से सप्लाई बाधित हुई थी। विभागीय कर्मचारियों ने पैनल की मरम्मत कराकर शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
लोगों का कहना है कि त्योहारों पर बिजली-पानी की ऐसी समस्या न केवल असुविधा बढ़ाती है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करती है।

0 टिप्पणियाँ