झांसी। केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी दरों में कटौती का सीधा असर ऑटोमोबाइल कारोबार पर दिखने लगा है। नवरात्र के पहले ही दिन झांसी में लगभग 100 कारों और 300 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। शोरूम संचालक आने वाले दिनों में बिक्री और बुकिंग में और वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।
सरकार ने हाल ही में कारों और मोटरसाइकिलों पर लगने वाली जीएसटी दरों में बड़ा बदलाव किया है। 350 सीसी या उससे कम क्षमता वाली मोटरसाइकिलों और स्कूटरों पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। इसी तरह 1200 सीसी से कम पेट्रोल इंजन और 1500 सीसी से कम डीजल इंजन वाली कारों पर भी अब 18% जीएसटी लगेगा।
नई दरें नवरात्र के पहले दिन सोमवार से लागू होने के बाद कारों की कीमतों में 50 हजार से लेकर 1.45 लाख रुपये तक की कमी आई है। वहीं, दोपहिया वाहनों के दाम भी 5 हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक घट गए हैं।
नवरात्र के पहले ही दिन ऑटोमोबाइल बाजार में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न कंपनियों की कारों की बुकिंग और बिक्री दोनों में अच्छी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहिया वाहनों की मांग भी उम्मीद से बेहतर रही। कुल मिलाकर बुकिंग में उल्लेखनीय उछाल आया है, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल उठे।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जीएसटी घटने से वाहन की कीमतों में आई भारी कमी ने ग्राहकों की खरीद क्षमता बढ़ाई है। इससे आने वाले दिनों में न केवल शोरूमों में रौनक बनी रहेगी, बल्कि ऑटोमोबाइल कारोबार में भी नई जान आएगी।

0 टिप्पणियाँ