झांसी रेल मंडल के यात्रियों और मालगाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद जाखलौन-धौर्रा सेक्शन के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे इस क्षेत्र की रेल सेवाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
शुरुआत में पुरातत्व विभाग की आपत्ति के चलते परियोजना में अड़चनें आई थीं। रेलवे ने वैकल्पिक योजना के तहत पांच किलोमीटर लंबी घुमावदार लाइन और टनल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था। हालांकि, लगभग तीन माह पहले दिल्ली में हुई वार्ता के बाद पुरातत्व विभाग की टीम ने धौर्रा-जाखलौन के बीच चांदपुर-जहाजपुर क्षेत्र का सर्वे किया।
सर्वे में रेलवे ने आश्वासन दिया कि नई लाइन के निर्माण और संचालन से किसी भी ऐतिहासिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसके बाद पुरातत्व विभाग ने तीसरी लाइन को सीधे चांदपुर-जहाजपुर मार्ग से गुजरने की अनुमति प्रदान कर दी।
रेलवे ने अब इस सीधी लाइन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा। अनुमान है कि यह परियोजना छह माह के भीतर पूरी हो जाएगी।
तीसरी रेल लाइन बनने के बाद न केवल झांसी मंडल में ट्रेनों की आवाजाही सुचारू होगी बल्कि मालगाड़ियों और यात्री गाड़ियों की समयबद्धता भी बेहतर होगी। यह परियोजना क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगी।

0 टिप्पणियाँ