Lalitpur : तालबेहट में लगेगा 300 मेगावाट का सौर प्लांट, 1500 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

ललितपुर जिले में सौर ऊर्जा उत्पादन को लेकर बड़ी पहल शुरू हो चुकी है। हिंदुस्तान पावर लिमिटेड कंपनी ने तालबेहट क्षेत्र में 300 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपा है। कंपनी इस परियोजना पर लगभग 1500 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। इसके लिए तालबेहट में उपयुक्त भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है।

जिला प्रशासन की मंजूरी मिलने के बाद भूमि आवंटन और निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी ने अपनी योजना प्रस्तुत कर दी है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

ललितपुर को पहले से ही सौर ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। निवेश मीट के दौरान जिले में करीब 57 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव केवल सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए आए थे। इनमें से कई परियोजनाएँ अब धरातल पर उतरने लगी हैं। ग्राम पवा में टूस्को कंपनी का पावर प्लांट तैयार हो रहा है, वहीं महरौनी क्षेत्र में भी एक और परियोजना संचालन के करीब है। इसके अलावा 25 से 50 मेगावाट क्षमता वाले कई छोटे प्लांटों के लिए भूमि पहले ही निर्धारित की जा चुकी है।

कंपनियाँ किसानों से भूमि खरीदने या किराए पर लेने की प्रक्रिया भी कर रही हैं। ऐसे में तालबेहट का नया प्लांट जिले की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा देगा। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि ललितपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सौर ऊर्जा उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र बनाने में भी मदद मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ