महोबा। शारदीय नवरात्र का आगाज होने में अब महज दो दिन शेष हैं। पर्व को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मूर्तिकार दुर्गा प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, वहीं समितियां पंडाल सजाने और मूर्तियों की बुकिंग कराने में व्यस्त हैं।
जानकारी के अनुसार, शहर में करीब 130 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। मूर्तिकार लगभग दो महीने पहले से देवी प्रतिमाओं के निर्माण में लगे हुए थे। अब अंतिम चरण में प्रतिमाओं को रंग-रोगन और सजावट का काम किया जा रहा है। मूर्तिकारों का कहना है कि प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनाई जा रही इन प्रतिमाओं की अधिकांश बुकिंग पहले ही हो चुकी है। नवरात्र के एक दिन पहले तक सभी प्रतिमाएं तैयार कर दी जाएंगी।
मूर्तिकारों के मुताबिक, प्रतिमाओं में लगने वाले धोती, अस्त्र-शस्त्र, कपड़े और अन्य सजावटी सामान के दाम बढ़ने से लागत लगातार बढ़ रही है। फिलहाल दुर्गा प्रतिमाएं 3,100 रुपये से लेकर 11,000 रुपये तक की कीमत पर उपलब्ध हैं।
इधर, शहर में आल्हा चौक, ऊदल चौक, गांधी नगर, सुभाष चौक समेत विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के लिए विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। समितियों ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। नवरात्र के दौरान इन पंडालों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें भक्तों की भीड़ जुटेगी।
0 टिप्पणियाँ