Mahoba : पुनरीक्षण अभियान में तलाशे जा रहे डुप्लीकेट मतदाता

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। जिले में एक लाख से अधिक संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी हुई है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर डुप्लीकेट मतदाताओं की तलाश कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान मतदाताओं के आधार कार्ड के अंतिम चार अंक भी दर्ज किए जा रहे हैं। ताकि, डुप्लीकेट मतदाताओंं के नाम हटाए जा सकें।

अभियान के दौरान ही डुप्लीकेट मतदाता तलाशे जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए हर पंचायत के संभावित डुप्लीकेट वोटरों की सूची भी सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय से उपलब्ध कराई गई है। मतदाता सूची को पारदर्शिता के साथ बनाए जाने के लिए सूची में शामिल संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को तलाशा जा रहा है। पंचायतों की मतदाता सूची को दुरूस्त करने के लिए 273 पंचायतों में पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। जिसमें तैनात किए गए बीएलओ घर-घर जाकर वोटर बनाने का कार्य कर रहे हैं। अभियान के तहत वोटर विलोपन व संशोधन का काम भी कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग इस बार डुप्लीकेट वोटरों की भी पहचान करा रहा है। ऐसे व्यक्ति जिनका नाम, पिता व पति का नाम व लिंग समान है और वह सत्यापन के दौरान सही पाए जाते हैं तो प्रमाणीकरण के रूप में उनको अपने आधार कार्ड के अंतिम चार अंक बीएलओ को दर्ज कराने होंगे। ताकि, सत्यापन के दौरान उनके वोटर सूची से न हट सकें। इस कार्य के लिए संबंधित विकास खंड के बीडीओ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

साभार : अमर उजाला


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ