पन्ना जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा तीन दिवसीय आजीविका फ्रेश मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 27 सितंबर से 29 सितंबर तक स्थानीय टाउन हॉल में चलेगा। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके द्वारा बनाए गए स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना है।
जिला परियोजना प्रबंधक के अनुसार, मेले में लगभग 20 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं द्वारा निर्मित उच्च गुणवत्ता और पूरी तरह मिलावट रहित उत्पाद उपलब्ध होंगे। इनमें आंवला उत्पाद, अचार, मसाले, पापड़, बड़ी, दाल, चावल, शहद, सरसों का तेल, चिरौंजी, आटा, बेसन, गुड़, चाय पत्ती, नमक और महुआ बिस्किट जैसे कई पारंपरिक व घरेलू उत्पाद शामिल होंगे।
यह पहल वोकल फॉर लोकल अभियान को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबन और आर्थिक मजबूती की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। खास बात यह है कि मेले में उत्पाद स्थानीय बाजार से कम दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आमजन को भी सीधा लाभ मिलेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस मेले में शामिल होकर महिला स्वसहायता समूहों का उत्साहवर्धन करें और उनके उत्पादों को खरीदकर सहयोग प्रदान करें।

0 टिप्पणियाँ