Banda: अष्टमी पर देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

नवरात्र की अष्टमी पर मां दुर्गा के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ा, भक्ति और उल्लास से गूंजा पूरा जिला।

मंगलवार को अष्टमी तिथि के शुभ मुहूर्त पर बांदा जिले के सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। महिलाओं ने माता रानी के चरणों में अठवाई, पान, बताशा, लौंग, नारियल और चुनरी अर्पित कर मंगलकामनाएं कीं। मंदिरों के आंगन जयकारों और भजन-कीर्तन से गूंज उठे।

पैलानी के खप्टिहा कलां गांव स्थित सिद्धपीठ पाथादाई व गढ़ीदाई मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और जवारों का विधिवत विसर्जन किया। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए। खत्री पहाड़ स्थित विंध्यवासिनी मंदिर और तिंदवारी के सेमरी गांव में आयोजित विशेष पूजा में भी भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। समिति द्वारा कन्यापूजन कर देवी मां का आशीर्वाद लिया गया।

इसी तरह मुंगुस गांव के सिंह वाहिनी मंदिर, बेंदाघाट के कालीदेवी मंदिर और बबेरू के मां मढ़ी दाई मंदिर में भक्तों ने माता रानी का पूजन किया। बाकल गांव के जोगनी माता मंदिर में कन्याभोज और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अतर्रा क्षेत्र के बड़ी माता, भद्रकाली, शारदा और दुर्गा माता मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ