जालौन: दो घंटे की बारिश से सड़कें बनीं तालाब, किसानों को मिली राहत

तेज बारिश ने जहां शहरवासियों को जलभराव से परेशान किया, वहीं किसानों के चेहरे पर राहत की मुस्कान ले आई।उरई में मंगलवार सुबह से हुई दो घंटे की झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों को तालाब में बदल दिया। जलभराव से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है क्योंकि अब पलेवा के लिए पानी की कमी नहीं होगी। मगर, धान की फसल पर इसका विपरीत असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने जिले में दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। सोमवार के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे से बारिश शुरू हुई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। दोपहर तीन बजे फिर से तेज बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। लोगों का कहना है कि उमस भरे मौसम के बाद बारिश ने राहत दी है। मंगलवार को लगभग 20 एमएम बारिश दर्ज की गई।

आटा में सफाई व्यवस्था की पोल खुली

कदौरा ब्लॉक के आटा गांव में हुई बारिश ने साफ-सफाई की व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल दी। जलनिकासी न होने से सड़कों पर पानी भर गया। किसानों का कहना है कि रबी की फसल की अगैती बुआई का समय निकल रहा है। खासतौर पर हरि मटर बोने वाले किसानों ने चिंता जताई है कि अगर बारिश लगातार जारी रही तो फसल की पैदावार पर असर पड़ेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ