महोबा। जिले में बुधवार को मौसम ने करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास करा दिया। सुबह के समय धुंध छाने से वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री व अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
तेज धूप के बाद अचानक बदला मौसम
रविवार को दोपहर तक तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल थे। उस समय न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और घने बादलों ने पूरे आसमान को ढक लिया। शाम चार बजे से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही।
लगातार बारिश से बढ़ी नमी, किसानों की बढ़ीं चिंताएं
लगातार बारिश के चलते मंगलवार और बुधवार को भी बादल छाए रहे जिससे मौसम में नमी का स्तर बढ़ गया। मौसम विभाग ने 30 और 31 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलते मौसम का असर दलहनी फसलों की बोआई पर पड़ सकता है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
लोगों ने निकाली गरम कपड़े, मौसम हुआ ठंडा
तापमान गिरने से सुबह-शाम की ठंड बढ़ गई है। लोगों ने गरम कपड़े निकाल लिए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश और बादल बने रहे तो आने वाले सप्ताह में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 
 
 
 
 
 
0 टिप्पणियाँ