Chitrakoot : ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगी डिजिटल लाइब्रेरी, गांवों में मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

चित्रकूट। कभी शिक्षा के मामले में पिछड़े माने जाने वाले चित्रकूट जिले में अब बदलाव की बयार बह रही है। जिला प्रशासन की नई पहल से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब अपने ही गांव में डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके तहत जिले की ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं, जो ग्राम पंचायत भवनों में संचालित होंगी।

हर गांव में पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं

इन लाइब्रेरी में कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा, प्रिंटर, फर्नीचर और अध्ययन सामग्री की व्यवस्था की जा रही है, ताकि ग्रामीण युवाओं को पढ़ाई के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। इन केंद्रों के माध्यम से छात्र डिजिटल शिक्षा से जुड़ सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी अपने गांव से कर सकेंगे।

पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध

लाइब्रेरी में नेशनल बुक ट्रस्ट और एनसीईआरटी की किताबों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित सामग्री, महापुरुषों की जीवनी, स्थानीय लेखकों की रचनाएं और महिलाओं-बच्चों के लिए प्रेरणादायक साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा।

गांवों में शिक्षा की नई रोशनी

प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र डिजिटल संसाधनों का लाभ उठाकर शिक्षा में आगे बढ़ें। इस पहल से न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि गांवों में ज्ञान और तकनीक के प्रसार को भी बढ़ावा मिलेगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ