झांसी। रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। अब ट्रेन आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट तक केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ता ही आईआरसीटीसी वेबसाइट या मोबाइल ऐप से टिकट बुक कर सकेंगे। यह नियम एक अक्तूबर से लागू हो गया है।
फर्जी बुकिंग पर रोक के लिए कदम
रेलवे का यह निर्णय टिकट दलालों और फर्जी खातों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से लिया गया है। बड़ी संख्या में दलाल फर्जी आईडी बनाकर टिकट बुक कर यात्रियों से अधिक कीमत वसूल रहे थे। अब आधार प्रमाणीकरण के बिना टिकट बुक करना संभव नहीं होगा।
21 हजार अकाउंट किए गए बंद
आईआरसीटीसी ने आधार सत्यापन प्रक्रिया शुरू करने के बाद 21 हजार से अधिक फर्जी अकाउंट्स को बंद कर दिया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों के प्रोफाइल में आधार लिंक नहीं है, वे अब टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।
यात्रियों को करना होगा आधार लिंक
आईआरसीटीसी प्रोफाइल में आधार लिंक कराना अब जरूरी कर दिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने अकाउंट को आधार से जोड़ लें, ताकि टिकट बुकिंग में किसी तरह की दिक्कत न आए।
सुव्यवस्थित टिकटिंग की दिशा में कदम
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से टिकट बुकिंग प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी। इससे असल यात्रियों को आसानी से टिकट मिल सकेगा और दलालों पर प्रभावी रोक लगेगी।

0 टिप्पणियाँ