Jhansi : किसानों के लिए सुनहरा मौका, अब प्रमाणित बीज के साथ करें शाकभाजी की खेती

झांसी। जिले के किसानों के लिए शाकभाजी की खेती को बढ़ावा देने का शानदार अवसर मिला है। आगामी 14 नवंबर को राजकीय चंद्रशेखर आज़ाद पार्क (कंपनी बाग) में विशेष कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां किसानों को प्रमाणित बीज मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे।

उद्यान विभाग की पहल से मिलेगा लाभ

किसानों को शाकभाजी, मसाला और पुष्प की खेती से जोड़ने के लिए उद्यान विभाग की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभाग किसानों को न केवल प्रमाणित बीज प्रदान कर रहा है, बल्कि खाद, कीटनाशक, ड्रिप और स्प्रिंकलर सेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।

बीज वितरण और कंपनियों की भागीदारी

मेले में 19 मान्यता प्राप्त बीज निर्माता कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। ये कंपनियां किसानों को शाकभाजी, मसाला और फूलों की फसलों के बीज काइंड डीबीटी के रूप में निशुल्क देंगी।

कैसे मिलेगा बीज

इच्छुक किसान विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं और एकीकृत बागवानी मिशन योजना के तहत शाकभाजी कार्यक्रम का चयन कर आवेदन करें। बीज लेने के लिए किसान अपनी किसान पावती, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ तय तिथि और समय पर उपस्थित हों।

‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर वितरण

बीज वितरण पूरी तरह से शासन की नीति ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य किसानों को प्रमाणित बीजों के माध्यम से बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना और क्षेत्र में शाकभाजी खेती को बढ़ावा देना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ