महोबा। वीर आल्हा-ऊदल की धरती महोबा में आने वाले दिनों में बर्ड फेस्टिवल और सूर्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
सूर्य मंदिर के महत्व को मिलेगा नया आयाम
बैठक में बताया गया कि जनपद का प्राचीन सूर्य मंदिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए पर्यटन मंत्रालय और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा यहां सन इंटरप्रिटेशन सेंटर और सन प्लैनेटोरियम स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। सूर्य महोत्सव के आयोजन के लिए जनवरी के अंतिम सप्ताह या फरवरी 2026 के पहले सप्ताह का प्रस्ताव रखा गया है।
विजय सागर पक्षी विहार बनेगा आकर्षण का केंद्र
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विजय सागर पक्षी विहार में आने वाले देशी और विदेशी पक्षियों के संरक्षण और प्रचार के लिए बर्ड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने वन विभाग को इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटन को नई दिशा देने की तैयारी
इन दोनों आयोजनों के माध्यम से महोबा जिले के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ये आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।

0 टिप्पणियाँ